पंकज श्रीवास्तव, छपरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मंगलवार (19 मई) को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड स्थित डुमरी बुजुर्ग पंचायत में ‘सबका सम्मान जीवन आसान के तहत जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।
सात निश्चय योजना-3 का अवयव ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को बिहार के सभी जिलों में पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
आज से सहयोग शिविर की शुरुआत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि आज से पूरे प्रदेश में ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। हमने इसके लिए 11 मई को ही सहयोग पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया था, जिसके माध्यम से लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस ‘सहयोग शिविर’ का उद्देश्य हर हाल में निर्धारित समय सीमा के अंदर जन समस्याओं का निष्पादन करना है, वह चाहे ग्रामीण इलाके के लोगों की समस्या हो या शहर में रहने वाले लोगों की समस्या हो।
पीएम मोदी और नीतीश का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह कार्यक्रम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का जरिया है। सरकार आपका हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार है। बिहार की समृद्धि और भारत विकसित हो, इसके लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को समृद्ध बनाना चाहते हैं, उसका रास्ता ‘सहयोग शिविर’ के जरिए निकलेगा।
30 दिन के अंदर करना होगा समस्याओं का निपटारा
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, ‘सहयोग शिविर’ में जो भी आवेदन प्राप्त होंगे उनका निष्पादन 30 दिनों के अंदर हर हाल में किया जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के 10 दिन बाद संबंधित अधिकारी को मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा पहला नोटिस निर्गत किया जाएगा। आवेदन प्राप्ति के 20वें दिन दूसरा नोटिस तथा 25वें दिन तीसरा नोटिस जारी किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा के अंदर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन हो सके।
आवेदन प्राप्ति के 30वें दिन हर हाल में आवेदन के निष्पादन से संबंधित आदेश जारी करना है। इस काम में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि 30वें तक दिन आदेश जारी नहीं होता है तो 31वें दिन संबंधित विभाग के अधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे।
छपरा में बनेगा गंगा-अंबिका पथ- सीएम
इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने जिले के विकास को लेकर कई बड़ी और महत्वाकांक्षी घोषणाएं भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छपरा में पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे शहर की तस्वीर और यातायात व्यवस्था दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना सिर्फ सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी नई रफ्तार मिलेगी। गंगा किनारे विकसित होने वाला यह पथ शहर को आधुनिक पहचान देने के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगा।
ये भी पढ़ें- ‘बाप-बेटे को इलाज की जरूरत’, निशांत को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जानें पर आनंद मोहन का बड़ा बयान

