कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा देने वाले महान राष्ट्रनायक, भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें सादर नमन।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, राष्ट्रहित के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, सिद्धांतों के प्रति अडिग प्रतिबद्धता तथा अखंड भारत के निर्माण के लिए उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका प्रेरणादायी जीवन हम सभी को राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

डॉ. मुखर्जी के नाम पर पार्क और सड़क का निर्माण

इसके साथ सीएम सम्राट चौधरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जिला मुख्यालयों में उनके नाम पर महत्वपूर्ण पार्क/सड़क का निर्माण एवं नामकरण करने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा, अखण्ड भारत के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले युगपुरुष, भारत सरकार के पूर्व मंत्री डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर जिला मुख्यालयों में महत्वपूर्ण पार्क/सड़क का निर्माण एवं नामकरण किया जाएगा।

डॉ. मुखर्जी ने की थी भारतीय जनसंघ की स्थापना

बता दें कि भाजपा उत्पत्ति भारतीय जनसंघ से हुई है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही 1951 में दिल्ली में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ का 1977 में जनता पार्टी में विलय हो गया था, लेकिन 6 अप्रैल 1980 को जनसंघ के पूर्व सदस्यों ने अलग होकर भाजपा का गठन किया। मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित एक विशेष अधिवेशन में भाजपा का गठन हुआ था, जिसके पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी मुख्य संस्थापक और प्रथम अध्यक्ष थे।

ये भी पढ़ें- 14 जुलाई को मुख्यमंत्री सचिवालय में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, CM सम्राट खुद सुनेंगे लोगों की समस्याएं