कुंदन कुमार, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज गुरुवार (3 सितंबर) से बेंगलुरु के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक आज सुबह 11 बजे वह पटना से बेंगलुरु के लिए प्रस्थान करेंगे। बेंगलुरु दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में श्री श्री रविशंकर द्वारा आयोजित बिहार महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही सीएम सम्राट कई अन्य कार्यक्रमों भी शामिल हो सकते हैं।

महोत्सव में दिखेगी बिहार की सांसकृतिक छटा

मुख्यमंत्री के बेंगलुरु पहुंचने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में बिहार से जुड़े लोगों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की मौजूदगी रहने की उम्मीद है। बिहार महोत्सव 2026 प्रवासी बिहारियों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने के साथ राज्य की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को देशव्यापी पहचान देने का भी जरिया बनेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बिहार की विविध सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी।

राष्ट्रीय स्तर पर दिखेगा नया बिहार

बेंगलुरु में 3 से 6 सितंबर तक चलने वाला बिहार महोत्सव 2026 ‘एक बिहार, श्रेष्ठ बिहार’ की थीम पर आयोजित होगा। महोत्सव के दौरान प्रज्ञा भूमि बिहार की समृद्ध विरासत और जीवंत संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही लोक कला, संगीत, हस्तशिल्प और बिहारी व्यंजनों का भी प्रदर्शन होगा। ‘एक बिहार, श्रेष्ठ बिहार’ के संदेश के साथ देश के सामने एक नया बिहार दिखेगा। यह महोत्सव बिहार की संस्कृति, परंपरा और प्रगतिशीलता का संगम बनेगा। सीएम सम्राट के इस दौरे को बिहार की संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की दिशा में बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- तेज प्रताप यादव को मिली जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल की कोशिश!