Tej Pratap Yadav: लालू यादव के बड़े बेटे और जजद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपने बयानों और कारनामों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। हालही में उन्होंने महुआ विधायक संजय कुमार सिंह पर दिल्ली में कथित तौर पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उसका शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था, जिसके बाद विधायक की ओर से इन सभी आरोपों को बेबुनिया और झूठा करार देते हुए तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा गया था। वहीं, अब जजद अध्यक्ष ने यह दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।

मुझे जान से मारने की मिली धमकी- तेज प्रताप

दरअसल तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी है। तेज प्रताप ने कथित तौर पर धमकी भरे व्हाट्सएप कॉल का एक स्क्रिनशॉट शेयर करते हुए लिखा, धमकी, ब्लैकमेलिंग और पैसे की मांग के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग। उन्होंने बताया कि, आज (2, सितंबर 2026) दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर मुझे मोबाइल नंबर 7520322647 से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एक मीडिया हाउस से जुड़ा हुआ बताते हुए मुझे जान से मारने की धमकी दी तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पैसे की मांग करने का प्रयास किया।

‘कानून से ऊपर कोई नहीं’

तेज प्रताप यादव ने कहा कि, यह मामला केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि जनशक्ति जनता दल से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उक्त व्यक्ति पार्टी से जुड़े कई लोगों को फोन कर परेशान कर रहा है, धमकियां दे रहा है और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से पैसे की मांग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि, मैं सरकार एवं संबंधित प्रशासन से मांग करता हूं कि मोबाइल नंबर 7520322647 की तत्काल जांच कराकर फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके विरुद्ध कानून के अनुसार शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मेरे एवं पार्टी से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि, धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।

कुछ दिन पहले सुरक्षा को लेकर की थी अपील

गौरतलब है कि हालही में तेज प्रताप यादव ने सुरक्षा की मांग को लेकर बिहार सरकार और केंद्र से अपील भी की थी। जजद अध्यक्ष ने 30 अगस्त को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, मेरी सुरक्षा को लेकर केंद्र एवं बिहार सरकार से गंभीर अपील…..। उन्होंने कहा था कि, पिछले कई दिनों से मेरी सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर परिस्थितियाँ उत्पन्न हो रही हैं। दो दिन पूर्व मेरे आवास के बाहर दो शराब के नशे में लोगों को पकड़ा गया, जिसके बाद सचिवालय थाना को सूचना देकर पुलिस के हवाले किया गया। इसके बाद संबंधित लोगों के परिजनों द्वारा मेरे आवास के बाहर इकट्ठा होकर घेराव किया जाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक घटना है।

‘मेरी सुरक्षा को हल्के में ना लिया जाए’

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा था कि, मेरे कार्यक्रम बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण मेरा आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए मेरी सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से अपील करता हूं कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए, मेरे आवास एवं आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और मुझे तत्काल पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें- बिहार के स्कूल में शर्मनाक कांड! दो शिक्षकों ने 12 नाबालिग छात्राओं से किया दुष्कर्म, वीडियो वायरल