कुंदन कुमार, पटना। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का गुस्सा अब सड़क पर दिखने लगा है। इसी के विरोध में आज सोमवार (20 अप्रैल) को पटना के गांधी मैदान में बिहार महिला मोर्चा की ओर से एक बड़ा आक्रोश मार्च निकाला गया है, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा निकाले गए आक्रोश मार्च को सीएम सम्राट चौधरी ने संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

मोदी सरकार दिलाकर रहेगी न्याय- सीएम सम्राट

आक्रोश मार्च को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने सबसे पहले मार्च में शामिल सभी महिलाओं का पटना की धरती पर स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने उन्हें आश्वस्त करते हुए यह विश्वास दिलाया कि मोदी सरकार उन्हें न्याय दिलाकर रहेगी। सीएम ने कहा कि मोदी की सरकार ने नारी शक्ति आरक्षण का शुरुआत किया। वह चाहते थे कि 33 परसेंट का आरक्षण देकर देश की महिलाओं को और शसक्त करें। उन्होंने कहा कि, अगर महिला आरक्षण बिल पास हो जाता तो आने वाले चुनाव में बिहार से 122 महिला विधायक चुनकर सदन में पहुंचती।

विपक्ष पर जमकर साधा निशाना

इस दौरान सीएम सम्राट ने विपक्ष के नेताओं पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी सिर्फ अपने परिवार के लोगों के बारे में सोचते हैं। लालू यादव यह सोचते हैं कि मेरी बेटी लोकसभा का सदस्य बने, मेरी पत्नी नेता बने। स्टालिन चाहते हैं कि सिर्फ उनकी बहन सांसद बनकर देश की संसद बनाकर जाए। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सोचते हैं कि देश की महिलाएं आगे बढ़े।

बिहार सरकार ने दिया महिलाओं को आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि, बिहार में मैं गर्व से कह सकता हूं की यहां पर महिलाओं को आगे बढ़ाया गया। पंचायती राज में 50 परसेंट और नगर निकाय के चुनाव में महिलाओं को आरक्षण देने का काम यदि किसी सरकार ने किया तो वह बिहार की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि, 50% के आरक्षण के बावजूद लगभग 59% बहने नगर निकाय और पंचायत राज में चुनाव जीतकर आ रही है। बिहार में अभिभावक के तौर पर नीतीश कुमार हमेशा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अभिभावक के तौर पर काम कर रहे हैं।

आपका भाई सम्राट चौधरी खड़ा है…

सीएम ने महिला मोर्चा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि, आपका भाई सम्राट चौधरी यहां पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि, बिहार में यदि कोई भी गलती करेगा तो उसे पताल से निकालकर सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी देश की बहनों को लोकसभा और विधानसभा पहुंचाना चाहते हैं। लेकिन विपक्ष के लोग अपने परिवार को सत्ता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस दौरान सीएम सम्राट ने यह भी कहा कि, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पूरा एनडीए बिहार में काम कर रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘अमित शाह को करना चाहिए दिल्ली का दौरा’, जानें क्यों तेजस्वी ने गृहमंत्री को दी यह सलाह?