कुंदन कुमार, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 मई 2026 (बुधवार) को कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। कैबिनेट का विस्तार होने के बाद सीएम सम्राट की यह पहली कैबिनेट बैठक होगी। यह बैठक सुबह 10:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ सभी नए मंत्री मौजूद रहेंगे। इस कैबिनेट बैठक में सम्राट सरकार कई विभागों के महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगा सकती है।

पिछली बैठक में 20 एजेंडों पर लगी थी मुहर

बता दें कि इससे पहले 6 मई को हुई कैबिनेट बैठक में 20 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई थी, जिसमें बियाडा की 1.85 एकड़ भूमि भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण पटना को देने, बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 30 जून 2026 तक अवधि विस्तार करने, सप्तम राज्य वित्त आयोग की अवधि 31 मार्च से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 तक करने, 400 इलेक्ट्रिक एसी बसों के परिचालन समेत अन्य एजेंडों की स्वीकृत मिली थी।

मंदिरी नाला पथ का किया लोकार्पण

बता दें कि आज सोमवार (11 मई) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) का लोकार्पण किया। पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 115.08 करोड़ रुपये की लागत से मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया है। यह पथ इनकम टैक्स चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगा।

गंगा के दोनों किनारों पर होगा शहर का विस्तार

इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, गंगा नदी के दोनों किनारों पर शहर का विस्तार किया जाएगा। 66 हजार एकड़ क्षेत्र में ‘पाटलिपुत्र’ नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा। वहीं, गंगा नदी के उस पार सोनपुर में ‘हरिहरनाथ’ के नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीभारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को समृद्ध बनाने का सपना देखा है। हम सभी इस संकल्प के साथ कार्य करेंगे कि भारत भी विकसित बने और बिहार भी आर्थिक रूप से समृद्ध हो।

ये भी पढ़ें- असम के लिए रवाना हुए सम्राट चौधरी, कल CM शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल