Bihar News: बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सम्राट सरकार सख्त नजर आ रही है। मुख्यमंत्री ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए यह स्पष्ट किया है कि राज्य में किसी भी आपराधिक घटना का जवाब 24 घंटे के अंदर दिया जाएगा। दरअसल सीएम सम्राट ने आज रविवार (24 मई) को पटना स्थित बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रांगण में आयोजित “राज्यस्तरीय व्यावसायिक समागम” का उद्घाटन करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने व्यावसायिक समागम को संबोधित करते हुए ये बाते कहीं।

‘व्यवसायियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता’

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार व्यवसायियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। सुशासन से ही बिहार समृद्ध बनेगा और विकास की गति तेज होगी। राज्य में निवेश बढ़ाने और उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है।

अपराधियों को दिया सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों में बिहार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है। कई जिलों में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। सीएम ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सम्राट चौधरी ने अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा कि, सरकार चाहती है कि बिहार में उद्योग-धंधे तेजी से बढ़ें और व्यापारी बिना डर के अपना कारोबार करें। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि अगर किसी भी व्यवसायी के साथ आपराधिक घटना होती है तो सरकार और प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा। अपराध पर नियंत्रण पाने को लेकर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को भी पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

औद्योगिक नीति को लेकर कही ये बात

इस दौरान सीएम सम्राट ने बिहार की औद्योगिक नीति को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक नीति में और संशोधन करने को तैयार है। इसके लिए बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से सुझाव मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार चाहती है कि उद्योग जगत के लोग सीधे अपनी समस्याएं और सुझाव रखें, ताकि निवेशकों के लिए और बेहतर माहौल बनाया जा सके।

विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा बिहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि, बिहार तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। निवेश बढ़ेगा तो युवाओं को रोजगार मिलेगा और बिहार आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि, सरकार का लक्ष्य राज्य को रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे बुनियादी क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने व्यापारियों और उद्योगपतियों से बिहार में निवेश बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें- तेजस्वी का बड़ा प्रहार: कानून-व्यवस्था और आर्थिक मोर्चे पर घिरी सरकार, कहा- ‘सिर्फ गमछे की राजनीति में सिमट कर रह गई एनडीए’