वीरेंद्र कुमार, दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। नेपाल सीमा से सटे और संवेदनशील माने जाने वाले इस जिले में एयरपोर्ट की सुरक्षा का जिम्मा औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सौंप दिया गया। अब एयरपोर्ट की पूरी सुरक्षा CISF के हाथों में होगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं आधुनिक होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए करीब 146 जवानों की तैनाती की गई है, जो तीन शिफ्टों में अपनी सेवाएं देंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित होगा एयरपोर्ट
इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां से जल्द अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही एयरपोर्ट का नाम बाबा विद्यापति के नाम पर रखने की भी कोशिश की जाएगी।
गुरुवार को एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री को CISF के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने CISF अधिकारियों को फ्लैग और चाबी सौंपकर सुरक्षा का दायित्व हस्तांतरित किया। इस दौरान CISF के महानिदेशक प्रवीण रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं CISF के जवानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक करतब भी दिखाए।
सीएम ने एयरपोर्ट परिसर का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर नए टर्मिनल भवन और चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही प्रस्तावित दरभंगा एम्स परियोजना को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की गई, जिसमें निर्माण की प्रगति और समयसीमा पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
‘विद्यापति एयरपोर्ट’ रखा जाएगा दरभंगा एयरपोर्ट का नाम
वहीं इस मौके पर राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने CISF को सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विशेष लगाव रहा है और इसके विकास के लिए उन्होंने लगातार काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही दरभंगा एयरपोर्ट का नाम “विद्यापति एयरपोर्ट” रखा जाएगा, जिससे मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
मौके पर मौजूद रहे ये लोग
समीक्षा में अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दरभंगा एयरपोर्ट और एम्स परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और सरकार इन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मंत्री मदन सहनी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद संजय झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक मुरारी मोहन झा, डीजीपी विनय कुमार, स्वास्थ्य सचिव रवि कुमार तथा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- ‘तो कहीं भी टिक नहीं पाएगी BJP-NDA’, भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में जीत के बाद तेजस्वी का बड़ा बयान

