Bhojpur-Buxar MLC by-Election: भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में राजद उम्मीदवार सोनू राय की शानदार जीत हुई है। उन्होंने जदयू के प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 340 वोटों से करारी मात दी। उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उपचुनाव में सोनू राय को कुल 2,486 वोट मिले, जबकि कन्हैया प्रसाद को 2,146 वोट मिले। इस तरह उन्हें 340 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। उपचुनाव में मिली इस जीत पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

‘तो कहीं भी नहीं टिकेगी बीजेपी-एनडीए’

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए लिखा कि, भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में राजद प्रत्याशी सोनू राय ने NDA उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी है। राजद प्रत्याशी के जीतने पर सभी कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद।

तेजस्वी ने कहा कि, हम शुरू से कह रहे है अगर आज देश-प्रदेश में मशीन की बजाय बैलेट पेपर यानि मतपत्र से चुनाव हो तो BJP-NDA कहीं भी नहीं टिकेगी। बिहार चुनाव में पोस्टल बैलेट पेपर में हम लोगों ने 150 से अधिक सीटें जीती थी लेकिन तंत्र-यंत्र-षड्यंत्र और छल-कपट से हरा दिया गया था।

बैलेट पेपर से चुनाव करना की मांग

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, आजकल मतगणना के दिन भी देर रात 1-2 बजे तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाते है। पूर्व में मतपत्रों की गिनती में भी इतना ही समय लगता था। तो क्यों नहीं लोकतांत्रिक पारदर्शिता और जनतंत्र में जनविश्वास कायम रखने के लिए अब EVM की बजाय बैलेट पेपर से ही चुनाव कराया जाए। और हां, हम हमेशा जीतने के बाद भी EVM से मतदान कराने के पक्षधर में नहीं रहे हैं। पुन: फिर जीत की बधाई।

भरोसे और विश्वास की जीत- राजद प्रवक्ता

राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि, यह जीत राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के प्रति आम लोगों के भरोसा और विश्वास की जीत है। तेजस्वी यादव के राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हुए चुनावों में राजद को जबरदस्त कामयाबी हासिल हो रही है। पिछले दिनों केरल विधानसभा चुनाव में राजद एक सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि दो सीटों पर काफी कम मतों के अंतर से हार हुई थी। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद हुए इस पहले उपचुनाव में पार्टी की कामयाबी से राजद कार्यकर्ताओं का उत्साह काफी बढ़ गया है। राजद परिवार में खुशी का माहौल है।

ये भी पढ़ें- सुल्तानगंज हत्याकांड: मृतक सभापति राज कुमार गुड्डू के घर पहुंचे पप्पू यादव, बोले- अपराधियों का साथ दे रही सरकार