कुंदन कुमार, पटना। बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल सीएम सम्राट चौधरी ने आज भाजपा कोटे के सभी मंत्रियों की एक अहम और बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई है। खास बात यह है कि भाजपा मंत्रियों को हर हाल में बैठक में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। सीएम द्वारा अचानक बुलाई गई इस बैठक से प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है।
सभी मंत्रियों को मौजूद रहने का निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार जेडीयू की ओर से फरक्का जलसंधि को लेकर दिए जा रहे तल्ख बयानों के बीच सीएम सम्राट चौधरी ने भाजपा कोटे के सभी मंत्रियों की यह अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, जो मंत्री इस समय बिहार या पटना से बाहर हैं, उन्हें तत्काल पटना लौटने को कहा गया है। इसके साथ यह भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर यह बैठक बुलाई गई है।
फरक्का संधि को खत्म/ बदलाव की मांग
दरअसल बिहार में फरक्का संधि को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। जदयू सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने आज गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फरक्का संधि को बिहार के हितों के खिलाफ बताते हुए केंद्र सरकार से इस मामले में राज्य के हित को प्राथमिकता देने की मांग की है।
संजय झा ने कहा कि, फरक्का संधि बिहार से जुड़ा हुआ मुद्दा है। बिहार का पानी चोरी करके जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री गुजराल साहब को किसी ने समझा दिया कि फरक्का समझौता कीजिएगा तो आपको नोबेल पुरस्कार मिलेगा इसलिए उन्होंने समझौता कर लिया। उन्होंने बिहार में आ रहे बाढ़ का कारण भी फरक्का संधि को बताया और कहा कि, यह संधि आगे नहीं होना चाहिए। अगर संधि हुआ भी तो बिहार हिस्सा तय करने के बाद ही यह संधि आगे हो, नहीं तो यह संधि आगे नहीं होना चाहिए। यह संधि आगे बढ़े हमलोग किसी हालत में तैयार नहीं है।
पीएम के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान चलाएगी बीजेपी
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से एक महीने यानी 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पूरे बिहार में 10 लाख दीपक जलाये जायेंगे और 8000 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। यह 10 लाख दीपक विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी जलाएंगे। कहा जा रहा है कि सीएम सम्राट की बुलाई गई इस बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।
‘CM-PM के तौर पर 25 साल का कार्यकाल होगा पूरा’
पीएम मोदी के जन्मदिन पर एक महीने तक 13 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा, महिला, पुरुष, छात्र उद्यमी सहित समाज के सभी लोग शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी का मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होगा। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे वे एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है।
ये भी पढ़ें- BRICS समिट को लेकर रामकृपाल यादव ने बताया PM मोदी का प्लान, बोले- पूरी दुनिया को होगा फायदा



