Bihar News: पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक मुद्दे पर आज गुरुवार (23, जुलाई) को पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी। प्रधानमंत्री ने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान कर मामले की जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। पीएम मोदी के इस बयान पर सीएम सम्राट चौधरी की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
युवा देश की सबसे बड़ी ताकत- सीएम सम्राट चौधरी
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पीएम मोदी के पोस्ट को साझा करते हुए लिखा, युवा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है।
नितिन नबीन ने विपक्ष को दी खुली चुनौती
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि, NDA की सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य के लिए हर किस्म की चर्चा करने के लिए तैयार है मगर राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस चर्चा से भाग रही है। वे जानते हैं कि जब वे चर्चा करने पटल पर आएंगे तब उनका दोहरा चरित्र सभी के सामने ज़ाहिर हो जाएगा। हम उन्हें खुली चुनौती देते हैं।
विपक्ष का दोहरा चरित्र जगजाहिर- नितिन नबीन
साथ ही अपने एक पोस्ट में नितिन नबीन ने कहा कि, कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, क्योंकि उन्हें मालूम है कि जैसे ही वे सदन के पटल पर आएंगे, उनका दोहरा चरित्र देश की जनता और युवाओं के सामने पूरी तरह जगजाहिर हो जाएगा। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, हम पूरे विपक्ष को खुली चुनौती देते हैं। आइए, सदन के पटल पर NEET सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े हर विषय पर खुलकर चर्चा कीजिए। एनडीए सरकार हर विषय पर संवाद करने और हर प्रश्न का उत्तर देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन राहुल गांधी और विपक्ष का राजनीतिक इतिहास चर्चा से बचने का रहा है। यही कारण है कि वे सदन में बहस का सामना करने के बजाय उससे दूर भागते हैं।
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा- पीएम मोदी
बता दें कि पेपर लीक मामले पर आज गुरुवार को पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम ने कहा कि, पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि, विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- ‘देश में अघोषित इमरजेंसी’, लाठीचार्ज पर भड़के भाई वीरेंद्र, बोले- 74 जैसा आएगा बदलाव


