कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार (5 जुलाई) को पूर्व सीएम और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके आवास 7 सर्कुलर रोड पर मुलाकात की है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे। बांकीपुर उपुचनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश की यह मुलाकात बेहद अहम बताई जा रही है।
चर्चा का विषय बनी नीतीश-सम्राट की मुलाकात
सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। गौरतलब है कि सम्राट और नीतीश की यह मुलाकात उस समय हुई है, जब से कुछ देर पहले ही जन सुराज ने प्रशांत किशोर को बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल सीट के लिए एनडीए अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है।
बांकीपुर से भाजपा उतारेगी उम्मीदवार
बता दें कि 2025 के चुनाव में हुए बंटवारे के दौरान बांकीपुर सीट भाजपा के खाते में आई थी, जहां से बीजेपी के उम्मीदवार नितिन नबीन ने जीत भी हासिल की थी। हालांकि बीजेपी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाते हुए राज्यसभा भेज दिया, जिसके बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
ऐसे में एनडीए में इस सीट को लेकर कोई पेंच फंसता नजर नहीं आ रहा है। भाजपा ही यहां से अपना उम्मीदवार उतारेगी, जल्द ही वह अपने प्रत्याशी का ऐलान भी कर सकती है। ऐसे में नीतीश और सम्राट की यह मुलाकात उम्मीदवारी के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर काफी अहम मानी जा रही है।
1995 से रहा है भाजपा का कब्जा
गौरतलब है कि पटना की हाई-प्रोफाइल सीट होने के साथ ही बांकीपुर पर सन् 1995 से भाजपा का कब्जा रहा है। पार्टी लगातार यहां से जीत हासिल करती रही है। हालांकि इस बार प्रशांत किशोर के बांकीपुर से चुनावी मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। वहीं, महागठबंधन द्वारा भी इस सीट के लिए अपने प्रत्याशी का ऐलान करना बाकी है।
30 जुलाई को मतदना, 3 अगस्त को परिणाम
चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचा के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतदान प्रक्रिया 30 जुलाई को संपन्न होगी, जिसके पश्चात सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 अगस्त को मतगणना के दिन होगा।
ये भी पढ़ें- RLJP ने मनाई रामविलास पासवान की जयंती, केंद्र सरकार से भारत रत्न देने की मांग

