कुंदन कुमार, पटना। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, राहुल गांधी…विपक्ष के नेता जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर बैठकर, जिस तरह का अमर्यादित आचरण आपने दिखाया है, वह पूरे लोकतांत्रिक विमर्श को शर्मसार करता है।
सीएम सम्राट ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जिस तरह की अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग आपने किया, वह किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि, राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मर्यादा, भाषा और लोकतांत्रिक संस्कारों से समझौता नहीं किया जा सकता। देश आपसे अमर्यादित आचरण के लिए सार्वजनिक माफी की अपेक्षा करता है।
गिरिराज सिंह ने राहुल को बताया ‘सड़कछाप’
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, कल जो हरकत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने की है, वो किसी ‘सड़कछाप’ से अलग नहीं थी। ये लोग निराशा में हैं। उनके परनाना प्रधानमंत्री रहे, दादी प्रधानमंत्री रहे, पिता प्रधानमंत्री रहे, यदि वे विदेश नीति नहीं समझ पाए तो अब समझ भी नहीं पाएंगे क्योंकि उनकी विदेश नीति देश के बाहर जाकर, जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलकर भारत को अपशब्द कहना है। लगता है कि राहुल गांधी को एक नाटक मंडली खोल लेनी चाहिए। उनकी मानसिक स्थिति ऐसी हो गई है कि वे बीमार हैं, निराशा में हैं।
राहुल गांधी को मोदी जी से ईर्ष्या- दिलीप जायसवाल
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि, राहुल गांधी को, क्योंकि सोनिया गांधी जी इटली की हैं, तो उनको लग रहा है कि इटली में मेरा चलना चाहिए। मोदी जी वहां घुस गए, तो उनको मिर्ची लग गई है। ईर्ष्या-जलन है मोदी जी से। ईर्ष्या-जलन से विपक्ष की राजनीति नहीं चलती है। इटली के नेताओं को मोदी जी पसंद है, तो आप क्या ज़बरदस्ती अपने आपको पसंद करवा लीजिएगा?
जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल कल 13 अगस्त को रचनात्मक कांग्रेस के एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी की विदेश नीति का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि उन्हें लगता है कि विदेश नीति का मतलब केवल विश्व नेताओं से गले मिलना है। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए मंच पर मौजूद एक नेता को गले लगाकर प्रदर्शन भी किया था, जिसके जरिए वे दिखाना चाहते थे कि पीएम मोदी विदेश दौरों पर या विदेशी नेताओं से जबरन गले मिलते हैं। बीजेपी ने राहुल पर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लिए अमर्यादित व अभद्र भाषा का उपयोग करने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें- ‘बांकीपुर में नए युग की शुरुआत’, 17 अगस्त को विधायक पद की शपथ लेंगे प्रशांत किशोर


