अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सीएम सम्राट चौधरी आज मंगलवार 16 जून को सासाराम आ रहे हैं, जहां वे जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी पहुंचेंगे। यहां वे भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप और उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें शादी की अग्रिम बधाई देंगे। सीएम के सासाराम दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी कोनकी व नाद पंचायत में लगाए जा रहे सहयोग शिविर का भी जायजा लेंगे। इस दौरान वे खुद लोगों की शिकायतें और समस्याओं को सुन उनका समाधान कर सकते हैं।
शादी को लेकर तैयारियां तेज
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और अपनी धारदार गेंदबाजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले आकाशदीप जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। हालही में उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकत कर उन्हें अपनी शादी का कार्ड देते हुए आमंत्रित किया था। आकाशदीप की शादी मानिकपुर (डेहरी) की रहने वाली अक्षिता राज के साथ तय हुई है। आकाशदीप की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
तिलक समारोह में शामिल हो सकते हैं सीएम
कार्यक्रम की शुरुआत 21 जून को तिलक समारोह के साथ होगी, जो उनके पैतृक गांव बड्डी में आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार आकाशदीप के तिलक समारोह में सीएम सम्राट चौधरी समेत बिहार के कई नेता और मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म गांव में ही पूरी की जाएगी। मुख्य विवाह समारोह 24 जून को वाराणसी के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में संपन्न होगा।
परिवार की सहमति से हो रहा विवाह
आकाशदीप की जीवनसंगिनी बनने जा रही अक्षिता राज मानिकपुर गांव के निवासी अमित कुमार सिंह की पुत्री हैं। वह एक मध्यमवर्गीय और सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। आकाशदीप और अक्षिता का मिलन दोनों परिवारों की सहमति से हुआ है, जो इस विवाह को और भी खास बनाता है।
ये भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी का पहला कैमूर दौरा आज, जिले को देंगे 196 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

