अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सीएम सम्राट चौधरी आज मंगलवार को सासाराम दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में गुजरात के बड़नगर से बाइक से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों का जत्था भी शामिल हुआ। मुख्यमंत्री ने सेवा यात्रियों के साथ संवाद किया और कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से भी बातचीत की।

24 घंटे के अंदर होगी कार्रवाई- सीएम सम्राट

इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, बिहार में जो सुरक्षा का माहौल है। उसमें अगर कोई बिहार की बहनों को छूएगा तो 24 घंटे के अंदर उसे पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए वह अपनी बहनों से यह वादा करते हैं। सीएम ने कहा कि, मीडिया के बंधुओं ने पूरे बिहार में जो पांच वीडियो (युवतियों से छेड़खानी) निकाला, उस पर तुरंत कार्रवाई हुई। आज करोड़ो बहने घर से निकल कर काम कर रही है। यह एनडीए के सरकार में ही संभव है।

विपक्ष पर साधा निशाना

इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कुछ लोग सत्ता को मेवा पाने का अवसर समझते हैं। जबकि एनडीए और भाजपा के लोग सत्ता को सेवा भाव से जोड़ कर देखते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि लगातार 25 वर्षों से सत्ता के शिखर पर रहते हुए उन्होंने (पीएम मोदी) जो सेवा का संकल्प लिया। आज वह अनवरत जारी है।

यह बदला हुआ बिहार है- सीएम सम्राट

सीएम सम्राट चौधरी ने लालू-राबड़ी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, 2005 से पहले का बिहार और 2005 के बाद के बिहार में काफी अंतर हो गया है। यह बदला हुआ बिहार है। उन्होंने कहा कि, कभी रोहतास और कैमूर के इलाकों में डाकुओं का दहशत रहता था, लोग कैमूर से आरा जाने में भी डरते थे। लेकिन आज विधि व्यवस्था कायम है।

मुख्यमंत्री ने फिर से दोहराया कि बिहार में किसी बेटी को अगर कोई छू ले तो 24 घंटे के अंदर वह सलाखों के पीछे होगा। कार्यक्रम में एमपी के सांसद बीडी सिंह, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, भाजपा नेता भीकूभाई दलसानिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर SSP ऑफिस में 7 करोड़ का घोटाला: महिला सिपाही बेबी कुमारी दोषी करार, जानें कैसे खुला राज?