कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार (8 नवंबर) को दीपावली के पावन अवसर पर दीघा आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सीएम सम्राट ने वहां स्थित दलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, उनके साथ दीपावली का पर्व मनाया, उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं तथा उपहार भेंट किए।

बिहारवासियों को दी दिवाली की बधाई

इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दिवाली के शुभ अवसर पर मैं समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर और मजबूती के साथ आगे बढ़े तथा राज्य में सुख, शांति और खुशहाली का वातावरण कायम रहे।

उन्होंने कहा कि मैंने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से विशेष आग्रह किया है कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर उनके साथ दिवाली का पर्व मनाएं। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।

1 करोड़ 92 लाख परिवारों को मिल रहा मुफ्त बिजली

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 92 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आगामी 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे के संबंध में उन्होंने कहा कि बिहार में एन०डी०ए० सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर वे बिहार आ रहे हैं। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिलेगी।

पीएम और जवानों को दी दिवाली की बधाई

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं। आज वे नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। यह देश के जवानों के प्रति उनके सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औरथ देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को दिवाली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

ये भी पढ़ें- बिहार में दो भाइयों का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, SI समेत 3 पुलिसकर्मी घायल