सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में गंडक के बढ़ते जलस्तर के बीच सीएम सम्राट चौधरी आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने मोतिहारी पहुंचेंगे। इस दौरान वे केसरिया के डुमरिया घाट में नदी के हालात का निरीक्षण करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम सम्राट दोपहर 2 बजे मोतिहारी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर तैनात है, जिन्हें अब मुख्यमंत्री के पहुंचने का इंतजार है।
सीएम सम्राट चौधरी अपने दौरे के दौरान डुमरिया घाट पुल का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे गंडक नदी के जलस्तर, आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों और प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से लेंगे। मुख्यमंत्री के अचानक निरीक्षण के निर्णय के बाद प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने डुमरियाघाट पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि केसरिया क्षेत्र के कई इलाके गंडक के बढ़ते पानी से प्रभावित होते हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। जलस्तर में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी की जा रही है।
सीएम सम्राट चौधरी के निरीक्षण के दौरान बाढ़ से निपटने की तैयारियों, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, आवागमन और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी लिए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर डुमरियाघाट में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- पटना में वाम दलों का विरोध मार्च, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग


