Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज सोमवार (14, सितंबर) को हिन्दी दिवस के अवसर पर नेहरू पथ स्थित बिहार राज्य अभिलेख भवन, सभागार में मंत्रिमंडल सचिवालय (राजभाषा) विभाग द्वारा आयोजित हिन्दी दिवस समारोह-सह-कवि सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि, हिन्दी दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति, सभ्यता और हमारी समृद्ध साहित्यिक परंपरा की अभिव्यक्ति है। हमें हिन्दी के गौरव को समझते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
दिनकर समेत अन्य कवियों को किया नमन
सीएम सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि, हिन्दी दुनिया में सर्वाधिक प्रयोग की जाने वाली भाषाओं में से एक है। यह दुनिया में तीसरी प्रयोग की जानेवाली भाषा है। यह हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिन्दी साहित्य को समृद्ध बनाने में बिहार की धरतीके अनेक महान साहित्यकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विद्यापति जी, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ जी, जनकवि नागार्जुन जी जैसे साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिन्दी साहित्य को नई ऊंचाइयां प्रदान की और समाज को दिशा दिया। मैं उन सभी विभूतियों को नमन करता हूं।
पीएम मोदी का जताया आभार
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपनी भाषा, संस्कृति और सभ्यता की पहचान को देश की सीमाओं से बाहर दुनिया भर में पहुंचाएं। हिन्दी को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने में देश के अनेक महान नेताओं का योगदान रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व० अटल बिहारी वाजपेयी जी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से हिन्दी में संबोधन कर हिन्दी को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर गौरव प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर हिन्दी में भारत की बात दुनिया के सामने रखते हैं। ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच पर हिन्दी में संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय हिन्दी साहित्य समागम का आयोजन
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, हिन्दी के साहित्यिक और सांस्कृतिक विस्तार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार में दो दिवसीय हिन्दी साहित्य समागम का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रमुख हिन्दी साहित्यकारों, रचनाकारों, कवियों और विद्वानों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि, हिन्दी दिवस हमें अपनी भाषा के प्रति गौरव और जिम्मेदारी दोनों का बोध कराता है। हिन्दी को केवल सरकारी कार्यक्रमों या किसी एक दिवस तक सीमित रखने के बजाय अपने दैनिक जीवन, व्यवहार और कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। भाषा तभी मजबूत होती है, जब उसका प्रयोग समाज के हर वर्ग द्वारा सहज रूप से किया जाता है।
ये भी पढ़ें- क्या सम्राट चौधरी को फालतू समझते हैं PM? तेजस्वी ने उठाया सवाल, बोले- बिहारियों के लिए शर्म की बात



