कुंदन कुमार, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान सीएम सम्राट ने निर्मला सीतारमण और एस. जयशंकर के साथ बिहार के विकास और राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

विकास से जुड़े इन मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों और बिहार में पर्यटन के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बिहार के हित से जुड़े अन्य विषयों को भी केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा गया। इस दौरान सीएम सम्राट के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और जदयू से राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी बैठक में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि, बिहार के विकास, समृद्धि और जनहित से जुड़े विषयों को केंद्र के समक्ष मजबूती से रखने तथा बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही।

विनोद तावड़े से सीएम सम्राट की मुलाकात

इससे पहले सीएम सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने तावड़े को भाजपा का दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि, उनका कुशल संगठनात्मक नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सुखद एवं ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगा।

गिरिराज सिंह ने भी की सीएम से मुलाकात

बेगूसराय से सांसद और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने भी सीएम सम्राट से मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के जरिए दी। मुलाकात की तस्वीरों को शेयर करते हुए गिरिराज सिंह ने लिखा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार भवन में आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण भेंट हुई। इस अवसर पर राज्य के समग्र विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, युवाओं के लिए नए अवसरों, आधारभूत संरचना तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।

बता दें कि सीएम सम्राट का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब बिहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास और केंद्र-राज्य समन्वय के मुद्दे चर्चा में हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री की हुई बैठकों में राज्य की प्राथमिकताओं और लंबित परियोजनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ है।

ये भी पढ़ें- किसानों की समस्याओं का होगा समाधान, बिहार के हर जिले में ‘कृषि जन कल्याण संवाद’ करेगी सरकार