कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह आज गुरुवार (20 अगस्त) को पटना पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, आज बिहार की इस पवित्र धरा पर आकर मन आनंद और प्रसन्नता से भरा हुआ है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प हमारे सभी गरीब भाई-बहन को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, आज मुझे बताते हुए यह खुशी हो रही है कि पीएम आवास योजना के तहत बिहार के हमारे कच्चे मकान में रहने वाले भाई-बहनों को 11 लाख से ज्यादा मकानों की स्वीकृति मिल रही है। उनके पास अपनी पक्की छत होगी, अपना घर होगा, उनके सपने पूरे होंगे।

सीएम सम्राट ने जताया आभार

शिवराज सिंह चौहान के इस ऐलान पर सीएम सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के माध्यम से पीएम आवास योजना के तहत बिहार में 11 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पीएम मोदी के प्रति आभार जताया है।

सीएम ने बिहार के लिए बताया ऐतिहासिक दिन

सीएम सम्राट ने एक्स पर लिखा, बिहार के गरीब परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार करने की दिशा में आज यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। पीएम मोदी के नेतृत्व में 11 लाख 18 हजार 937 आवासों की स्वीकृति बिहार के लाखों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियों का संचार करेगी। शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के प्रति प्रधानमंत्री के इस संकल्प और डबल इंजन सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया है। उनका आभार। बिहार में विकास और जनकल्याण का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

सीएम सम्राट ने कांग्रेस पर कसा तंज

सीएम सम्राट ने कहा कि, आज ये गर्व का दिन है और आज बिहार का सम्मान बढ़ने वाला दिन है। आज जिस तरह शिवराज सिंह चौहान जी बिहार के गरीबों को पक्का मकान देने के लिए आए, ये अपने आप में ऐतिहासिक दिन है। सीएम ने कहा कि, मैंने तो वो दिन देखा है, जब 1986 में इंदिरा आवास योजना शुरू हुआ और तब से लेकर 2014 तक याद कीजिए, इसी बिहार में 30 लाख लोगों को भी पक्का मकान नहीं मिला।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, लेकिन जब पीएम मोदी की सरकार बनी तो 2014 से लेकर 2026 तक 50 लाख मकान प्रधानमंत्री ने सिर्फ बिहार के गरीबों को देने का काम किया। पिछले 2 साल में शिवराज सिंह चौहान के मंत्री रहते हुए लगभग 19 लाख लोगों को पक्का मकान मिला है।

ये भी पढ़ें- बीजेपी कार्यालय देखते ही तेजस्वी बोले- चंदा चोर यहां मिलेंगे, गिरिराज सिंह का तगड़ा पलटवार