Bihar News: छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में हुए एके-47 से फायरिंग की घटना के विरोध में कल तेजस्वी यादव ने राजभवन मार्च निकाला था। उनका मार्च जैसे ही इनकम टैक्स गोलंबर के पास पहुंचा पटना पुलिस ने तेजस्वी को हिरासत में लेते हुए उन्हें एक बस में बैठा दिया।

बस में बैठे तेजस्वी यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बीजेपी कार्यालय की ओर इशारा करते हुए यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि, यह बीजेपी का कार्यालय है, जितने भी चंदा चोर, पेपर चोर, डस्टबिन चोर हैं, वे सब यहीं मिलेंगे। आगे उन्होंने कहा कि इनको सत्ता से बाहर करो सभी नौजवानों। जात-पात को छोड़ो।

बीजेपी कार्यालय में मिलेंगे हर प्रकार के भ्रष्टाचारी- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को खुद अपने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म पर भी शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए तेजस्वी ने लिखा, चंदा चोर, पेपर चोर, झाड़ू चोर, टॉयलेट चोर, डस्टबिन चोर, डीजल चोर, दवाई चोर, सुई-रूई चोर, गर्भाशय चोर, कलम-बस्ता चोर, राशन चोर, सृजन चोर, पुल-पुलिया चोर, टॉवर चोर, गिट्टी और मिट्टी चोर, बालू चोर, मिड-डे मील चोर, सब्सिडी चोर सहित 100 से अधिक घोटाले करने वाले घपलेबाजों-घोटालेबाजों, लुटेरों- अपराधियों के सरगना, संरक्षक तथा हर प्रकार के भ्रष्टाचारी इसी दफ्तर में मिलेंगे। तेजस्वी ने कहा कि, बीजेपी के दफ्तर दंगा-फसाद, नफ़रत-हिंसा फैलाने सहित अनैतिक-अवैधानिक कार्यों के सबसे अड्डे बन चुके हैं।

गिरिराज सिंह का तगड़ा पलटवार

तेजस्वी के इस वीडियो पर बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तगड़ा पलटवार किया है। गिरिराज सिंह ने तेजस्वी के इस वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा कि, ये चारा चोर का बेटा बोल रहा है।

ये भी पढ़ें- PMCH में इंटर्न डॉक्टर पर लोहे की रॉड से हमला, विरोध में हड़ताल पर डॉक्टर, OPD-इमरजेंसी सेवा ठप