कुंदन कुमार, पटना। पीएमसीएच (PMCH) में कल बुधावर की देर रात मरीज के परिजनों और इंटर्न डॉक्टर के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मरीज के परिजनों ने एक इंटर्न डॉक्टर के सिर पर लोहे की राड से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में काफी गंभीर चोट आई है और उसे आईसीयू में रखा गया है। इस घटना के विरोध में आज सभी डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। इमरजेंसी और ओपीडी दोनों बंद है। पीएमसीएच जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर सत्यम कुमार ने इस बात की जानकारी दी है।
इमरजेंसी और ओपीडी सेवा ठप
घटना के विराध में आज गुरुवार की सुबह से ही ना तो ओपीडी में पर्ची काटी जा रही है और ना ही इमरजेंसी में भी मरीजों को एडमिट किया जा रहा है। डॉक्टरों के हड़ताल के चलते इलाज कराने पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मरीज के परिजनों और इंटर्न डॉक्टर के बीच मारपीट क्यों हुई? इस बात को लेकर अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन घटना को लेकर डॉक्टरों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।
पहले ही पीएमसीएच में हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पीएमसीएच में डॉक्टरों और मरीज के परिजनों के साथ मारपीट हुई हो और उसके बाद यहां के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हो। इससे पहले भी पीएमसीएच में कई बार ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं। हालांकि इसका सबसे ज्यादा खामियाजा दूर-दराज से इलाज कराने आए मरीजों को भुगतना पड़ता है। खैर अब यह देखने वाली बात है, कि डॉक्टरों का यह हड़ताल कब तक जारी रहता है।
ये भी पढ़ें- बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर EOU की दबिश

