लखनऊ. सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने महोबा में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की. जिसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा और उसके सांसद पर निशाना साधा है. सीएम योगी ने कहा कि ये कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है. वहीं पंकज चौधरी ने कहा कि सपा सांसद ने जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में गंदी और घटिया भाषा का इस्तेमाल किया है, इससे साबित हो गया है कि सपा गुंडों और गालीबाजों की पार्टी है.

सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है. यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है. यह 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान है. देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी.

इसे भी पढ़ें : CII Annual Business Summit 2026 : जिसके पास शक्ति होगी, जो सामर्थ्यवान होगा, वही करुणा और मैत्री का मार्ग भी प्रशस्त कर पाएगा- योगी

इधर इस मुद्दे को लेकर पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित आवास पर प्रेस वार्ता की. उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी की चरित्रहीनता को मीडिया के समक्ष रखा. सपा सांसद द्वारा देश के प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है. जिस प्रधानमंत्री का सम्मान देश ही नहीं, पूरी दुनिया करती है, उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं और भारतीय संस्कारों का अपमान है. बता दें कि सांसद ने प्रधानमंत्री को देश विरोधी बताया. इतना ही नहीं उनके खिलाफ अभद्र भाषा का भी प्रयोगा किया.