सतीश सिंह, जालौन. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन के उरई में 1,275 करोड़ की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जालौन और बुंदेलखंड के पिछड़ेपन, सूखे, पलायन और दस्यु समस्या के लिए पूर्ववर्ती सरकारें जिम्मेदार रही हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने इस क्षेत्र को पिछड़ेपन की ओर धकेला, वही आज घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड अब बीहड़ और दस्यु प्रभावित क्षेत्र नहीं, बल्कि विकास और औद्योगिक संभावनाओं का नया केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि 56 हजार एकड़ में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और प्रस्तावित डेटा सेंटर क्लस्टर से लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री ने कालपी के हैंडमेड कागज को जालौन की वैश्विक पहचान बताते हुए कहा कि जीआई टैग मिलने के बाद इसकी मांग अमेरिका, जापान, जर्मनी, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में बढ़ी है. उन्होंने कोंच की रामलीला के लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज विश्व रिकॉर्ड और जालौन की ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया.
इसे भी पढ़ें : ‘जिन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, वही आज…’,CM योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला, नकल माफिया को लेकर किया बड़ा दावा
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के लिए “जेल या जहन्नुम” के अलावा कोई जगह नहीं है. उन्होंने दावा किया कि माफिया की 600 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं और नकल माफिया पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है. मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल और कनेक्टिविटी परियोजनाओं की प्रगति का भी उल्लेख किया तथा कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने और बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है. कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक, आवास स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, आयुष्मान कार्ड और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की.


