सतीश सिंह, संतकबीरनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर जिले में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने, मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.

संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित कुर्थिया चौराहे के पास बस्ती-खलीलाबाद हाईवे पर सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे बने मकान के बाहर टीनशेड के नीचे बैठे परिवार के लोगों को रौंदते हुए घर में जा घुसा. हादसा इतना भीषण था कि एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें : रामगढ़ताल में स्पीड बोट का कहर! युवक की मौत के बाद हरकत में आए CM योगी

मृतकों की पहचान लालजी (62), उनकी पत्नी ज्ञानमती (60), पोते आदर्श (12) और नाती सत्यम (6) के रूप में हुई है. सत्यम दो दिन पहले ही अपने नाना के घर आया था. हादसे के समय लालजी और उनकी पत्नी चारपाई पर बैठे थे, जबकि दोनों बच्चे भी घर से बाहर आ गए थे. इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गया और करीब 30 मीटर तक लोगों को कुचलते हुए मकान में जा घुसा.

ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि परिवार के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका खलासी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना मानी जा रही है. पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.