गोरखपुर. गोरखपुर के प्रसिद्ध रामगढ़ताल में रविवार रात नौकायन के दौरान हुआ भीषण हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर गया. तेज रफ्तार स्पीड बोट ने पीछे से एक स्लो बोट को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कुशीनगर के 21 वर्षीय युवक लखमुद्दीन अंसारी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए.

घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

इसे भी पढ़ें- गुरु पूर्णिमा पर CM योगी की भावुक ‘पाती’, शिक्षकों के लिए कर दिया बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.

रफ्तार बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:55 बजे रामगढ़ताल के नौकायन क्षेत्र में एक स्लो बोट में कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी लखमुद्दीन अंसारी अपने भाई कयामुद्दीन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नौकायन कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्पीड बोट ने उनकी नाव को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्लो बोट पर सवार लोग संतुलन खोकर पानी में जा गिरे. कुछ देर के लिए पूरे नौकायन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई.

एक की मौत, कई घायल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों, बोट संचालकों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. पानी में गिरे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने 21 वर्षीय लखमुद्दीन अंसारी को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी. वहीं उसके भाई समेत परिवार के अन्य घायल सदस्यों का इलाज जारी है. राहत की बात यह रही कि स्पीड बोट पर सवार पांच लोग भी पानी में गिर गए थे, लेकिन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

मुख्यमंत्री योगी ने दिए सख्त निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रशासन मृतक के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराए. उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

इसे भी पढ़ें- ‘राहुल गांधी आपके बड़के भैया हैं’… राजभर का अखिलेश पर बड़ा तंज, कांग्रेस को बताया ज्यादा दबंग

हादसे की जांच शुरू, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है. पुलिस बोट चालकों से पूछताछ कर रही है और नौकायन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है.