लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. सोमवार को सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में उन्होंने संसद की कार्यवाही बाधित होने के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर भी कई तंज कसे.
इसे भी पढ़ें- काशी कॉरिडोर की तर्ज पर बदलेगी बाराबंकी की तस्वीर, 48.79 करोड़ से चमकेगा श्री लोधेश्वर महादेव धाम
‘अपने बॉस राहुल गांधी से भी सदन चलवाइए’
राजभर ने लिखा कि पिछले एक सप्ताह से विपक्ष संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है. उन्होंने अखिलेश यादव से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सांसदों के साथ-साथ “अपने बॉस राहुल गांधी” से भी सदन सुचारु रूप से चलने देने का आग्रह करें. उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया.
‘कांग्रेस अब सपा से ज्यादा मजबूत’
सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस अब समाजवादी पार्टी की तुलना में अधिक मजबूत स्थिति में पहुंच रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 200 सीटों की मांग और अधिक दबंगई के साथ करेगी, जिसे सपा के लिए ठुकराना आसान नहीं होगा.
पीडीए और एमवाई समीकरण पर भी उठाए सवाल
ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज का भरोसा भी सपा से कम होता दिखाई दे रहा है और पार्टी को अपने सामाजिक समीकरणों पर दोबारा विचार करने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें- शराब, शक और हैवानियत… महोबा में गर्भवती पत्नी को हंसिए से काट दिया, बेटे ने खोला राज
‘राहुल गांधी आपके बड़के भैया हैं’
राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया और विदेश दौरों के बजाय उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और गैर-यादव पिछड़े वर्गों के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने पर ध्यान दें. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए कि “राहुल गांधी उनके ब्लॉक के बड़के भैया हैं.”


