महोबा. उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे और शक के चलते अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी की हंसिए से निर्मम हत्या कर दी. वारदात के समय दंपति के दो छोटे बच्चे घर में मौजूद थे. पांच वर्षीय बेटे ने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
इसे भी पढ़ें- UP में मौसम का बड़ा यू-टर्न, 60 जिलों में 5 दिन तक झमाझम बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
नशे में घर लौटा, पत्नी ने टोका तो बन गया हैवान
पुलिस के अनुसार आरोपी हनीफ मंसूरी शराब और जुए का आदी था. परिवार के लोगों का कहना है कि वह नशे की लत के कारण अपनी चार बीघा जमीन में से ढाई बीघा पहले ही बेच चुका था. शनिवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा. पत्नी मनीषा ने नशा करने और परिवार की बर्बादी को लेकर विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्से में हनीफ ने घर में रखे धारदार हंसिए से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
मासूम बेटे की आंखों के सामने हुई मां की हत्या
घटना के समय दंपति का पांच वर्षीय बेटा फैजान और दो साल की बेटी मुस्कान वहीं मौजूद थे. मासूम फैजान ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने ही उसकी मां पर हमला किया. पुलिस का कहना है कि बच्चे की गवाही और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश हुई नाकाम
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर झूठी कहानी सुनाकर जांच को भटकाने की कोशिश की. लेकिन पनवाड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की पूछताछ में वह टूट गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें- बोधिसूत्र 2026′ में भारत की विकास गाथा पर मंथन, IIM लखनऊ में जुटे उद्योग जगत के दिग्गज
परिजनों ने मांगी फांसी की सजा
मृतका के परिजनों ने बताया कि हनीफ का स्वभाव बेहद शक्की था और वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था. आरोपी के पिता सुलेमान ने भी बेटे के अपराध की निंदा करते हुए उसके लिए फांसी की सजा की मांग की है. सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


