लखनऊ. उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज सोमवार से 31 जुलाई तक प्रदेश के करीब 60 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- गो गर्जना सभा शामिल होने वालों को योगी सरकार का नोटिस, बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान

दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के सिस्टम का दिखेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून को नई मजबूती मिली है. इसके प्रभाव से सोमवार से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी

मौसम विभाग ने मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. करीब 30 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

पूर्वी यूपी और तराई में सबसे ज्यादा असर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में देखने को मिलेगा. इन इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है.

इसे भी पढ़ें-बोधिसूत्र 2026′ में भारत की विकास गाथा पर मंथन, IIM लखनऊ में जुटे उद्योग जगत के दिग्गज

एक अगस्त से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है. वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. विभाग ने लोगों से बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है.