बाराबंकी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल बाराबंकी का प्राचीन श्री लोधेश्वर महादेव धाम अब आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. प्रदेश सरकार की 48.79 करोड़ रुपये की समेकित पर्यटन विकास परियोजना के तहत मंदिर परिसर का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है. जिला प्रशासन ने परियोजना का ब्लूप्रिंट जारी करते हुए बताया कि अगले वर्ष अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

इसे भी पढ़ें- UP में मौसम का बड़ा यू-टर्न, 60 जिलों में 5 दिन तक झमाझम बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

करीब 12,980 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना का उद्देश्य केवल मंदिर का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को आधुनिक और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है. परियोजना के तहत विशाल प्रवेश द्वार, कवर्ड कॉरिडोर, क्लॉक रूम, मेडिकल सेंटर, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल व्यवस्था, पेंट्री और आधुनिक विजिटर फैसिलिटी कॉम्प्लेक्स तैयार किए जाएंगे.

दिव्यांगों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान

परियोजना में पांच भव्य प्रवेश द्वार, लगभग 2,734 वर्गमीटर लैंडस्केपिंग, 652 मीटर लंबा कवर्ड कॉरिडोर, 412 वर्गमीटर का क्लॉक रूम, पुरुषों और महिलाओं के लिए 26-26 आधुनिक शौचालय तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट बनाए जाएंगे. इसके अलावा सुरक्षा कर्मियों के लिए हॉल, कंट्रोल रूम, नौ दुकानें और आधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क भी विकसित किया जाएगा.

अगले वर्ष अक्टूबर तक पूरा होगा निर्माण

कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार के अनुसार भूमि हस्तांतरण के बाद अप्रैल 2026 से निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है. वर्तमान में पाइलिंग और फाउंडेशन का काम जारी है. निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि श्रद्धालुओं को जल्द नई सुविधाओं का लाभ मिल सके.

इसे भी पढ़ें- शराब, शक और हैवानियत… महोबा में गर्भवती पत्नी को हंसिए से काट दिया, बेटे ने खोला राज

धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा बाराबंकी

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि यह परियोजना बाराबंकी को राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी. इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी. महाभारत काल से जुड़ी मान्यताओं वाले श्री लोधेश्वर महादेव धाम में हर साल सावन और महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. आधुनिक सुविधाओं के विकास के बाद यह धाम देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण बन सकता है.