सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने दिल्ली की रेखा गुप्ता (Rekha Gupta)सरकार पर अनोखे अंदाज में निशाना साधा। आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भारद्वाज ने योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो दरअसल रेखा गुप्ता सरकार के एक साल पूरे होने पर “सर्टिफिकेट” जैसा है। 20 फरवरी को सरकार के एक वर्ष पूरा होने से पहले साझा किए गए इस वीडियो में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली की खराब हवा और प्रदूषण पर टिप्पणी करते हुए इसे “गैस चेंबर” जैसी स्थिति बताते नजर आ रहे हैं। इसी बयान को आधार बनाकर सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर हमला बोला और कहा कि विपक्ष को कुछ कहने की जरूरत नहीं, सरकार के कामकाज पर दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री ही टिप्पणी कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में योगी आदित्यनाथ का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “CM आदित्यनाथ का CM रेखा गुप्ता सरकार को एक साल पूरा होने पर सर्टिफिकेट।” इसके बाद आम आदमी पार्टी नेता ने अपनी पोस्ट में वही बातें भी लिखीं, जो वीडियो में आदित्यनाथ कहते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, वीडियो में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली की खराब हवा और प्रदूषण पर टिप्पणी करते नजर आते हैं, जिसे भारद्वाज ने तंज के तौर पर पेश किया।

योगी आदित्यनाथ द्वारा साझा किए गए वीडियो में उन्होंने दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी में लोगों की जिंदगी “घुटन भरी” हो गई है और हालात “गैस चेम्बर जैसे” महसूस होते हैं। उन्होंने कहा कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंचने पर लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और दम घुटने जैसी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है, यहां तक कि डॉक्टरों को उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह देनी पड़ती है।

योगी ने की पर्यावरण को बचाने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के प्रदूषण पर टिप्पणी करते हुए गोरखपुर की आबोहवा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में “शानदार माहौल” है, जहां न दमघोंटू हवा है और न ही लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है। उनके मुताबिक, अगर पर्यावरण की रक्षा की जाए तो वही पर्यावरण इंसानों की रक्षा करता है।

सीएम ने यह भी कहा कि धरती और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने से ही समाज को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सकता है। यह बयान उन्होंने गोरखपुर में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया, जहां उन्होंने करीब 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का लोकार्पण किया। साथ ही राप्तीनगर विस्तार स्पोर्ट्स सिटी आवासीय योजना के तहत EWS/LIG श्रेणी के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

अपने संबोधन में उन्होंने गोरखपुर को विकास का नया मॉडल बताते हुए कहा कि अब यहां बेहतर सड़कें, उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं जैसे AIIMS Gorakhpur, मेडिकल कॉलेज और उर्वरक कारखाना जैसी बड़ी परियोजनाएं मौजूद हैं, जिससे शहर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m