सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए. उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर उचित समस्या का निष्पक्ष समाधान कराएगी और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है.

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लेकर शिकायतें सुनीं. उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता से समाधान सुनिश्चित किया जाए. विभिन्न मामलों को संबंधित अधिकारियों के पास तत्काल भेजते हुए उन्होंने प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए.

इसे भी पढ़ें : जौहर यूनिवर्सिटी बचाने की मांग, स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रदर्शन, विधानसभा मार्च से पहले पुलिस ने रोका

अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने अस्पतालों से जल्द से जल्द एस्टिमेट प्राप्त करने को कहा. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि एस्टिमेट मिलते ही सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी.

जनता दर्शन में कुछ अभिभावक अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की, उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में पूछा तथा उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया. उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ-साथ खेल, संगीत, कला और नाट्य जैसी गतिविधियों में भी भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने की सलाह दी. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर फरियादी को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है.