सतीश सिंह, लखनऊ. रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को लेकर जारी विवाद अब लखनऊ की सड़कों तक पहुंच गया है. अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य सोमवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने उतरे. प्रदर्शनकारी दारुलशफा से विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आरएलडी कार्यालय के बाहर ही रोक दिया.

प्रदर्शन के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ की जा रही कार्रवाई दंडात्मक है और इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा.

इसे भी पढ़ें : संतकबीरनगर सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान, चार की मौत पर जताया शोक

स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार से जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों के ध्वस्तीकरण संबंधी निर्देश तत्काल वापस लेने की मांग की. उनका कहना था कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए और छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया, जिसके बाद मौके पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन जारी रहा.