मथुरा. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन सितंबर को दो दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. अपने दौरे के दौरान सीएम योगी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें- UP Weather Alert: 5 सितंबर तक झमाझम बरसेंगे बदरा, 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
3 सितंबर को दोपहर मथुरा पहुंचेंगे सीएम योगी
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन सितंबर को दोपहर करीब एक बजे हेलिकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे. यहां से वह वृंदावन के लिए रवाना होंगे. वृंदावन में मुख्यमंत्री भक्ति स्थल मार्ग का भ्रमण और निरीक्षण करेंगे. इसके बाद करीब 1:25 बजे गीता शोध संस्थान पहुंचकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे.
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
बैठक के बाद गीता शोध संस्थान परिसर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. इसके बाद वह ब्रज दर्शन कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होंगे.
बांके बिहारी मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन
मथुरा-वृंदावन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री के मंदिर दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं. मुख्यमंत्री रात में मथुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान के अशोका अतिथि गृह में विश्राम करेंगे.
इसे भी पढ़ें- बस्ती में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस खेल का पर्दाफाश! 2 RI सस्पेंड, परिवहन आयुक्त ने बिठाई विजिलेंस जांच
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे
चार सितंबर की सुबह करीब 9:55 बजे मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे. यहां गो पूजन के साथ भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है. करीब 10:35 बजे वह जन्मभूमि से अतिथि गृह लौटेंगे और इसके बाद राजकीय हेलिकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है.



