लखनऊ. उत्तर प्रदेश में सितंबर की शुरुआत ही झमाझम बारिश के साथ हुई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 5 सितंबर तक पूर्वांचल के लगभग सभी इलाकों और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है. कई जिलों में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव को पैंट पहनने…पूर्व मंत्री का बड़ा बयान, जानिए नारद राय ने आखिर क्यों कही ऐसी बात ?

2 और 3 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दोनों अंचलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी है. 3 सितंबर को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 4 और 5 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं 6 और 7 सितंबर को दोनों अंचलों के लिए फिलहाल कोई अलग मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.

इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

2 सितंबर को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत पूर्वांचल के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं में मेघगर्जन व वज्रपात का खतरा बताया गया है.

कानपुर में बारिश जारी रहेगी

कानपुर में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. सीएसए के मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सक्रिय है और फिलहाल आसमान में बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि अगले सप्ताह बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है.

इसे भी पढ़ें- बस्ती में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस खेल का पर्दाफाश! 2 RI सस्पेंड, परिवहन आयुक्त ने बिठाई विजिलेंस जांच

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बदला, ट्रफ लाइन सक्रिय

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है. इसके आगे दिशा बदलने के कारण उत्तर प्रदेश पर इसका प्रभाव अनुमान से कुछ अलग हो सकता है. वहीं उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी यूपी तक पहुंचने की संभावना है. मंगलवार को 78 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जिससे अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहा. फिलहाल मानसून की ट्रफ लाइन जम्मू, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, वाराणसी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है और कानपुर के बेहद करीब है.