गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार को गोरखपुर से प्रदेश के हजारों पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पीआरडी स्वयंसेवकों के खातों में 3000 रुपये वर्दी भत्ते की धनराशि ट्रांसफर करेंगे. इसके साथ ही जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए जाएंगे और मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना की शुरुआत भी होगी.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा अपडेटः SIT की फाइनल रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंपी, 8 नामजद आरोपियों पर होगी कार्रवाई?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी करेंगे. सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से पीआरडी जवानों की सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और उनकी कार्य परिस्थितियां बेहतर होंगी.

ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के बाद अब वर्दी भत्ता भी बढ़ा

पीआरडी जवान लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के सहयोगी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पहले पीआरडी स्वयंसेवकों को 395 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था, जिसे योगी सरकार ने बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया था. अब सरकार ने वर्दी भत्ते की राशि बढ़ाकर जवानों को आर्थिक राहत देने का फैसला किया है.

पीआरडी जवान थानों में पुलिस की सहायता, यातायात व्यवस्था संभालने, सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं.

31 हजार से ज्यादा पीआरडी जवान हैं पंजीकृत

प्रांतीय रक्षक दल का गठन साल 1948 में किया गया था. वर्तमान समय में प्रदेश के सभी जिलों में 821 ग्रामीण कंपनियां यानी विकासखंड स्तर की इकाइयां संचालित हैं. विभागीय पोर्टल के अनुसार प्रदेश में 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं. इनमें करीब 2500 महिला स्वयंसेवक भी शामिल हैं. वहीं प्रदेश में 29 हजार से ज्यादा पीआरडी स्वयंसेवक सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें लगभग 2000 महिला जवान है.

11 बड़े शहरों में पहली बार बनेगी शहरी पीआरडी कंपनी

योगी सरकार ने पीआरडी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रदेश के 11 बड़े नगरों में शहरी कंपनी स्थापित करने का प्रावधान किया है. इसमें लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, बरेली, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं. शहरी क्षेत्रों में पीआरडी जवानों की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की तैयारी है. सरकार का उद्देश्य पीआरडी स्वयंसेवकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी भूमिका को और मजबूत करना है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसून का कहर जारी: 15 शहर डूबे, मंदिर जलमग्न, एक्सप्रेस-वे धंसा, स्कूल बंद!

मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना से मिलेगा लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना का शुभारंभ भी किया जाएगा. इसके तहत स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा. पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड मिलने से अब उन्हें इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना कम करना पड़ेगा. सरकार की इन घोषणाओं को प्रदेशभर के हजारों पीआरडी जवानों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है.