लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बदरा लगातार बरस रहे हैं. आज मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं मंगलवार तड़के से राजधानी लखनऊ, बाराबंकी और सहारनपुर समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. कई जिलों में काले बादल छाए हुए हैं.
इसे भी पढ़ें- पनीर में खतरनाक केमिकल का खेल! मथुरा में 5 क्विंटल पनीर और 2 हजार लीटर दूध किया गया नष्ट
प्रयागराज समेत कई जिलों में स्कूल बंद, जलभराव से हाहाकार
प्रयागराज, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई और जौनपुर में आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद प्रयागराज के करेली इलाके की कॉलोनियों और गलियों में 3-4 फीट तक पानी भर गया. कारें और बाइकें डूब गईं. पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. लखनऊ में सुबह साढ़े आठ बजे तक 8.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर भारी जलभराव हो गया.
नदियां उफान पर, घाटों के मंदिर डूबे
गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं. वाराणसी के घाटों किनारे बने 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है. मणिकर्णिका घाट पर रत्नेश्वर महादेव और दशाश्वमेध घाट पर ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर 70 प्रतिशत तक डूब गए हैं. उनका सिर्फ गुंबद ही दिखाई दे रहा है. कानपुर और उन्नाव में गंगा किनारे बसे इलाके जलमग्न हो गए हैं. 500 से ज्यादा घरों में पानी भर गया है और लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं. चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं. कानपुर के शुक्लागंज में नदी के किनारे बनी बस्तियों में नाव चल रही है.
गंगा एक्सप्रेस-वे धंसा, यातायात प्रभावित
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सोनिक के पास माइलस्टोन 421 (मेरठ-प्रयागराज लेन) पर करीब 10 मीटर चौड़ा गहरा गड्ढा हो गया. साइड रेलिंग के पास की जमीन भी धंस गई. इससे पहले सोमवार को गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 65 शहरों में बारिश हुई थी. बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखकर स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. प्रयागराज में जलभराव के कारण गाड़ियां आधी डूब गईं.
इसे भी पढें- DM के आदेश को ठेंगा! बारिश में खुला सेंट पीटर स्कूल, हाईवे पर लगा भीषण जाम, बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
मौसम विभाग का अलर्ट: 20-21 अगस्त को भारी बारिश के आसार
लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार हवा में कम दबाव का क्षेत्र बनने, मानसून ट्रफ रेखा के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मानसून सक्रिय हो गया है. 19 से 23 अगस्त के दौरान मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी. बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के सिस्टम के असर से बारिश का दौर जारी रहेगा. 20 और 21 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं. प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है.


