रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. जिले में जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों के बावजूद सेंट पीटर स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूल खोलने का मामला सामने आया है. भारी बारिश और बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर स्कूल खोलने से न केवल अभिभावकों में रोष है, बल्कि इसके चलते लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति भी पैदा हो गई.
जिले में रविवार रात से ही मूसलाधार बारिश हो रही है. बच्चों की सुरक्षा और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया था. इसके बावजूद, सेंट पीटर स्कूल प्रबंधन ने इस आदेश की अनदेखी की और सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल बुला लिया. बारिश के बीच जब बच्चे स्कूल पहुंचे, तो स्कूल के सामने से गुजरने वाले लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. देखते ही देखते हाईवे पर जाम लग गया, जिससे आम राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें : “साहब, हमें कीचड़ नहीं, सड़क चाहिए!” हमीरपुर में जान जोखिम में डाल स्कूल जाने को मजबूर मासूमों का दर्दनाक वीडियो वायरल
स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के इस रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि जब प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी घोषित की थी, तो स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की जान जोखिम में डालकर स्कूल क्यों खोला? अब स्थानीय लोग और अभिभावक प्रशासन से यह सवाल कर रहे हैं कि क्या स्कूल प्रबंधन नियमों से ऊपर है? देखना यह होगा कि इस लापरवाही और आदेश के उल्लंघन पर जिला प्रशासन स्कूल के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है.


