सतीश सिंह, मथुरा. मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को पनीर बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारकर करीब 5 कुंतल तैयार पनीर और 2,000 लीटर दूध नष्ट कराया है. टीम को मौके पर पनीर बनाने में दूध के साथ कई ऐसी सामग्री और खतरनाक रसायन मिले, जिनका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों में नहीं किया जाना चाहिए.
मथुरा में मिलावटी पनीर के बिक्री को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हुसैनी, थाना शेरगढ़, तहसील छाता में सोनू कुमार की पनीर की फैक्ट्री पर छापा मारा. जांच के दौरान टीम को मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर, टिनोपॉल, ‘रंग काट’ यानी सोडियम हाइड्रोसल्फाइट, रिफाइंड पामोलीन ऑयल और सोयाबीन समेत कई सामग्री मिली.
इसे भी पढ़ें : DM के आदेश को ठेंगा! बारिश में खुला सेंट पीटर स्कूल, हाईवे पर लगा भीषण जाम, बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
अधिकारियों के मुताबिक इन चीजों का इस्तेमाल पनीर तैयार करने में किया जा रहा था. मौके पर करीब 500 किलो तैयार पनीर मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये बताई गई है. टीम ने इसे दूषित मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया. इसके अलावा करीब 2,000 लीटर दूध भी नष्ट कराया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये आंकी गई है.
नकली खाद्य पदार्थों को नष्ट कराने के बाद टीम ने मौके से पनीर और दूध के अलावा पनीर बनाने में इस्तेमाल हो रहे 80 किलो पामोलीन ऑयल, 12 किलो ‘रंग काट’ और 20 किलो टिनोपॉल के नमूने भी लिए हैं. इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं छापे के दौरान मिली अन्य संदिग्ध सामग्री को भी टीम ने सीज कर दिया है.


