रविंद्र कुमार, रायबरेली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली आगमन से पहले समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के कूड़ेदानों, दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विरोधी पोस्टर चिपका दिए. इन पोस्टरों पर “युवाओं को बेरोजगारी से मुक्ति दिलाओ” और “उद्योगों से वंचित रखने वाले मुख्यमंत्री वापस जाओ” जैसे नारे लिखे गए हैं. पोस्टरों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (24 अगस्त 2026) को रायबरेली में 879 करोड़ की लागत वाली 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा वे राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. पोस्टर लगाए जाने की घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें- CM योगी आज रायबरेली में, 879 करोड़ की 346 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
हटाए जा रहे पोस्टर
पुलिस और नगर पालिका की टीमें सार्वजनिक स्थलों से इन पोस्टरों को हटाने में जुट गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि जगह-जगह से पोस्टर हटाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है. समाजवादी छात्र सभा के इस कदम को मुख्यमंत्री के दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. वहीं प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में लगा हुआ है.

