रविंद्र कुमार, रायबरेली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 24 अगस्त 2026 को रायबरेली में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम को लेकर शहर में भारी उत्साह है. जनसभा स्थल पर समर्थकों और आम लोगों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी है. सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में कड़े इंतजाम किए हैं.

कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे फीरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में होना है. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रायबरेली, बाउरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 879 करोड़ से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर योगी की ‘पाती’: बोले- बहन-बेटियों की सुरक्षा का लें संकल्प, 27 से 29 अगस्त तक फ्री बस यात्रा

विकास कार्यों का बड़ा पैकेज

इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को DBT के माध्यम से ₹19 करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी.

मुख्यमंत्री लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और चाबियां भी वितरित करेंगे. खास बात यह है कि 60 से अधिक सपेरा समुदाय के परिवारों और अन्य आवास विहीन परिवारों को आवासीय पट्टे के आवंटन पत्र दिए जाएंगे. इससे इन परिवारों को पक्का घर बनाने में मदद मिलेगी.

लोगों में उत्साह, सुरक्षा कड़ी

जनसभा स्थल पर सुबह से ही लोग पहुंच रहे हैं. स्थानीय नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं. प्रशासन ने यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है.

इसे भी पढ़ें- मिलाद-उन-नबी से पहले मौलाना फिरंगी महली की बड़ी अपील, जुलूस में भूलकर भी न करें ये काम

यह कार्यक्रम रायबरेली क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विकास परियोजनाओं के लोकार्पण से स्थानीय लोगों को सीधे लाभ पहुंचने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री के संबोधन में भी क्षेत्र के विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाने की संभावना है.