लखनऊ. रबी-उल-अव्वल और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने मुस्लिम समुदाय के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है. उन्होंने जुलूस में शामिल होने वालों से शांति, अनुशासन और प्रशासनिक गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की अपील की है.

मौलाना फिरंगी महली के अनुसार, इस साल 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी मनाई जाएगी. इससे पहले की रात बड़े पैमाने पर जलसे आयोजित होंगे और अगले दिन जुलूस निकाले जाएंगे. इसी को देखते हुए समुदाय के लोगों, विशेषकर युवाओं को जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर नहीं थम रहा बवाल! भूपेंद्र चौधरी बोले- माफी मांगें, नहीं तो जाट समाज सिखाएगा सबक

सिर्फ तय रास्तों से ही निकले जुलूस

एडवाइजरी में कहा गया है कि जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं. लोग अपने मोहल्लों से बैनर और झंडे लपेटकर लाएं और जुलूस के शुरुआती स्थान पर पहुंचने के बाद ही उन्हें खोलें.

भड़काऊ नारेबाजी से दूर रहने की अपील

मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने लोगों से अपील की कि जुलूस के दौरान ऐसा कोई नारा न लगाया जाए, जिससे किसी भी धर्म या समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों. उन्होंने भड़काऊ नारेबाजी से पूरी तरह बचने और माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की.

युवाओं को बाइक स्टंट न करने की सलाह

एडवाइजरी में युवाओं के लिए भी विशेष संदेश दिया गया है. उनसे मोटरसाइकिल स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने से बचने को कहा गया है. जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.

अफवाहों से बचें, शांति का पैगाम दें

मौलाना ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने हमेशा अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया है. इसलिए मिलाद-उन-नबी के मौके पर भी समाज में शांति और एकता का संदेश देना चाहिए. उन्होंने बताया कि जुलूस तय स्थान से निकलकर ईदगाह तक पहुंचेगा, जहां जलसे का आयोजन होगा. इस दौरान देश की सलामती, शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: आज 65 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ-गाजियाबाद में जलभराव से हाहाकार

देश की एकता के लिए विशेष दुआ

मौलाना फिरंगी महली ने लोगों से इस पर्व को सादगी, इबादत और जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की. साथ ही देश की एकता और अखंडता के लिए विशेष दुआ करने तथा समाज में नफरत फैलाने वालों से दूर रहने का संदेश दिया.