लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की है. सोमवार को जारी अपनी पाती में सीएम योगी ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, दायित्व और संरक्षण की भावना का प्रतीक है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर नहीं थम रहा बवाल! भूपेंद्र चौधरी बोले- माफी मांगें, नहीं तो जाट समाज सिखाएगा सबक

रक्षाबंधन संस्कार और सामाजिक समरसता का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण पूर्णिमा पर 28 अगस्त को मनाया जाने वाला रक्षाबंधन सनातन संस्कारों की सुदृढ़ परंपरा का हिस्सा है. उन्होंने द्रौपदी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की उंगली पर साड़ी का किनारा बांधने और माता लक्ष्मी द्वारा राजा बलि को रक्षा-सूत्र बांधकर भाई बनाने की कथाओं का उल्लेख किया. योगी ने कहा कि रक्षाबंधन पारिवारिक रिश्तों में स्नेह के साथ दायित्व और संरक्षण का भाव भी पैदा करता है.

नई पीढ़ी संस्कारों को आचरण में उतारे

मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी से तकनीकी उन्नति के साथ भारतीय संस्कारों को अपने आचरण का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि संस्कार परिवारों को मजबूत और समाज को एकजुट करते हैं. साथ ही संविधान की प्रस्तावना में निहित समानता, बंधुता और सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलती है.

27 से 29 अगस्त तक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी है. रक्षाबंधन के अवसर पर वर्ष 2017 से शुरू की गई माताओं-बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा इस बार भी 27 से 29 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी. इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है.

बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का लें संकल्प

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि रक्षा-सूत्र में निहित संकल्प को केवल पर्व तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने व्यवहार और आचरण का हिस्सा बनाएं. उन्होंने हर बहन और बेटी के सम्मान व सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया. उन्होंने सुरक्षाबलों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहतकर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की भी अपील की.

इसे भी पढ़ें- मेरठ बनेगा भारत का नया ‘ड्रोन हब’! 900 एकड़ में बनेगा पहला समर्पित UAV रनवे, C-130 तक उतरेगा

स्थानीय राखियों को दें प्राथमिकता

योगी ने लोगों से स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय श्रम, कौशल और उद्यम को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिलेगी.