लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (23 अगस्त 2026) को पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों को सम्मानित करेंगे. राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले विशेष सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मान दिया जाएगा.

इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइये शामिल होंगे. समारोह के दौरान रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए जाएंगे. इसके अलावा स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट भी उपलब्ध कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ें- कानपुर में Gen-Alpha का ‘मास्टरस्ट्रोक’: छोटी उम्र, बड़ा इरादा… जब बच्चों ने खुद मांगी अपने लिए स्कूल के पक्के कमरे

प्रदेशभर में एक साथ होगा सम्मान समारोह

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही रविवार को प्रदेश के सभी जिलों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है. जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सभागारों में आयोजन कराने के निर्देश दिए गए हैं.

पीएम पोषण रसोइयों को मिलेगा सम्मान

सम्मान समारोह में राजकीय, परिषदीय और अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के तहत काम करने वाले रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा. ये रसोइये रोजाना स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करते हैं और उनके पोषण व स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

कैशलेस कार्ड और सुरक्षा किट की सुविधा

सरकार की ओर से रसोइयों को सम्मान के साथ सुविधाएं भी दी जा रही हैं. उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिए जाएंगे, जिससे जरूरत पड़ने पर इलाज में आसानी होगी. इसके अलावा बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से जुड़ी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी. भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई बनाए रखने के लिए रसोइयों को हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट उपलब्ध कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ें- अयोध्या में श्रद्धालुओं की आस्था को मिलेगी रफ्तार, 9 किमी से ज्यादा मार्ग होगा फोरलेन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

बच्चों के भविष्य में रसोइयों की अहम भूमिका

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि पीएम पोषण योजना के रसोइये बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित करेंगे. वहीं महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देश पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.