लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर रहेंगे. वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सीएम 10वें दीपोत्सव में शामिल होंगे. जहां श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी का राजतिलक होगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्पवर्षा और दीप प्रज्ज्वलन करेंगे. संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं के बीच सीएम रामकथा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे.

इसके बाद सीएम दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे. फिर राम की पैड़ी पर मां सरयू की आरती के बाद राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन होगा. इसके अलावा राम की पैड़ी पर ड्रोन शो और लेजर शो होगा. मुख्यमंत्री राम की पैड़ी स्थित मंच से भी लोगों को संबोधित करेंगे. वहीं रात्रि में सरयू अतिथि गृह में सीएम ठहरेंगे.

इसे भी पढ़ें : अयोध्या में दीपोत्सव आज, नगर में बना अभेद्य सुरक्षा घेरा, 20 जोन-53 सेक्टर में बंटी रामनगरी

दीपोत्सव को लेकर सीएम योगी ने एक पोस्ट भी साझा किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है. वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है. मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आगमन के हर्षोल्लास में सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में आयोजित होने वाला पावन ​दीपोत्सव इसका साक्षात दर्शन कराता है. आज हम सभी मां सरयू को साक्षी मानकर प्रभु श्री राम की प्राणों से प्रिय नगरी में 10वां दीपोत्सव मनाने जा रहे हैं. अयोध्या का दीपोत्सव हमारी आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व है. जब श्री राम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब आप अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप जलाएं. आइए, सनातन सत्य के उद्घोष का उत्सव मनाएं.’

बता दें कि दीपोत्सव को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, संतकबीरनगर और अंबेडकरनगर पुलिस ने भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और डायवर्जन प्लान जारी किया है. लखनऊ से बाराबंकी होते हुए अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है. सीतापुर, हरदोई, आगरा एक्सप्रेसवे और कानपुर रोड की ओर से आने वाली बसों, बड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को भी बाराबंकी होकर अयोध्या जाने की अनुमति नहीं होगी. दूसरे जिलों से अयोध्या की तरफ आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं.