चेतन योगी, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में शिक्षा की आड़ में हवस की प्यास मिटाने वाले एक कोचिंग संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ की और उसे एक्स्ट्रा क्लास के बहाने होटल चलने के लिए कहा। इतना ही नहीं, आरोपी ने नाबालिग का हाथ पकड़ लिया। डरी सहमी छात्रा ने डर की वजह से ट्यूशन जाना छोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों को सच्चाई पता चली और इस ,मामले का खुलासा हुआ। 

कोचिंग के बाहर बुलाकर कहा- तुम मुझे पसंद आ गई

दरअसल, बीएनपी थाना क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में आरोपी विपिन शर्मा कोचिंग का संचालन करता है। आरोपी ने 19 जून को अपनी क्लास की नाबालिग छात्रा को अकेले बाहर बुलाया और अश्लील बातें करने लगा। आरोपी ने कहा, ‘जिस दिन तुम कोचिंग के लिए बात करने आई थी उसी दिन से तुम मुझे पसंद आ गई हो। तुम्हारे जैसी लड़की की जरूरत है जो मेरे साथ प्रेम संबंध बनाकर मेरी इच्छा की पूर्ति कर सके, मेरा ध्यान रख सके, मुझे समझ सके, मेरे लिए समय निकाल सके। तुम मेरे लिए परफेक्ट हो।’

‘2 घंटे का समय निकालो होटल चलेंगे’

आरोपी ने आगे कहा, ‘तुम्हे मेरे लिए दो घंटे का समय निकालना पड़ेगा। गाड़ी मेरी रहेगी, होटल का सारा खर्चा मेरा रहेगा। यह बात तुम्हारे और मेरे बीच में ही रहनी चाहिए।’ छात्रा ने जब इनकार किया तो उसने कहा कि वह उसकी मां से बात कर लेगा। उसे हां या नहीं में जवाब चाहिए। उसने छात्रा का हाथ पकड़ लिया जिससे डरकर वह क्लास में वापस चली गई। 

मां के साथ थाने पहुंचकर छात्रा ने की शिकायत

कई दिनों से जब छात्रा कोचिंग नहीं जा रही थी तो मां ने उससे कारण पूछा जिसके बाद उसने पूरी बात बताई। यह सुनते ही छात्रा को लेकर उसकी मां थाने पहुंची और शिकायत लिखवाई। आरोप है कि पुलिस पॉस्को की शिकायत नहीं लिख रही थी जिसके शिकायत मिलते ही देर रात करनी सेना कार्यकरी अध्यक्ष विशाल उर्फ चिंटू रघुवंशी मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप किया। उन्होंने थाना घेराव की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो की धारा भी लगाई और आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया। 

करनी सेना कार्यकरी अध्यक्ष विशाल उर्फ चिंटू रघुवंशी

थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m