कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी ने इसके लिए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से अनुमति मांगी है। जानकारी के मुताबिक, 20 जून को प्रस्तावित यह प्रदर्शन पार्टी का दूसरा बड़ा प्रदर्शन होगा। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास (Saurabh Das) ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरा दिन संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में बिताया और प्रदर्शन से संबंधित सभी जानकारियां पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से प्रदर्शन की अनुमति के लिए सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा कर दिए गए हैं। अब दिल्ली पुलिस की अनुमति का इंतजार है।

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि उन्होंने पूरा दिन संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में रहकर प्रदर्शन से जुड़ी सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। उन्होंने कहा कि 20 जून को होने वाले विरोध प्रदर्शन की आधिकारिक जानकारी पुलिस को दे दी गई है। साथ ही प्रदर्शन की पूरी योजना, संभावित वॉलंटियर्स की संख्या और पुलिस की जरूरत के अनुसार अन्य सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा कर दिए गए हैं। सौरभ दास ने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि प्रदर्शन के लिए जल्द अनुमति मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, ताकि प्रस्तावित कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जा सके।

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि संगठन ने दिल्ली पुलिस को पूरा सहयोग देने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर रही है, तो उसे जंतर-मंतर पर एकत्र होने के अधिकार से वंचित करने की कोई वजह नहीं होनी चाहिए। दास ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर पुलिस को पूरी जानकारी दी गई है और जरूरी दस्तावेज भी जमा किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस जल्द ही अनुमति देगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन में कई राज्यों से लोगों के शामिल होने की संभावना है। सीजेपी बेरोजगारी, परीक्षा में अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया अभियानों के जरिए अपनी पहचान बनाई है। संगठन का दावा है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिले समर्थन के बाद उसने देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए हैं। सीजेपी अब शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में कथित कमियों को लेकर अभियान चला रही है। संगठन का कहना है कि परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रिया में देरी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आवाज उठा रहा है।

अभिजीत दीपके के साथ जयपुर प्रदर्शन में हुई थी मारपीट

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके एक बार फिर दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। अमेरिका से लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली से अपने पहले आंदोलन की शुरुआत की थी, जिसके बाद जयपुर और नागपुर में भी प्रदर्शन आयोजित किए गए थे। अब संगठन ने 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की योजना बनाई है। इसके लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी गई है। पार्टी की ओर से शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली में कथित खामियों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। इससे पहले जयपुर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब समर्थकों ने दीपके को अपने कंधों पर उठा रखा था। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मारे और उनका स्कार्फ खींचकर नीचे उतारने की कोशिश की।

2 लोगों को हिरासत में लिया

अभिजीत दीपके के साथ जयपुर में हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब समर्थकों ने दीपके को कंधे पर उठा रखा था। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दीपके ने लोगों से धर्म और जाति के आधार पर विभाजित नहीं होने की अपील की। उन्होंने विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ नारे भी लगाए। बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी वीडियो संदेश में दीपके ने आरोप लगाया कि उन पर हुआ हमला उनके आंदोलन को कमजोर करने और बाधित करने की कोशिश का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाना है। उन्होंने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “ध्यान न भटकाएं। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m