कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर ताला लग गया है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पेज ब्लॉक किए जाने की तस्वीर भी शेयर की और इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। अभिजीत दीपके ने पोस्ट में पेज ब्लॉक करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘डरपोक’ तक कह दिया। उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए सवाल उठाया कि आखिर CJP के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज को क्यों ब्लॉक किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह-सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर पार्टी के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल के डाउन होने की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पेज की तस्वीर भी शेयर की और इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। अभिजीत दीपके ने अपनी पोस्ट में लिखा, “उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल हटा दिया। कितने बड़े डरपोक हैं!” पोस्ट के साथ उन्होंने उस स्क्रीन की तस्वीर साझा की, जिसमें पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट के उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दिखाई दे रही थी।
स्वतंत्रता दिवस पर क्या बोले?
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक अलग अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की तस्वीर साझा की। तस्वीर के साथ अभिजीत दीपके ने लिखा, “स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। इस तस्वीर हमारे लिए एक रिमाइंडर है कि हमें अभी भी बहुत लंबा सफर तय करना है।” उनके इस पोस्ट में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ छात्रों के प्रदर्शन और उस दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर एक संदेश देने की कोशिश की गई।
CJI सूर्यकांत के बयान के बाद बनाया था पेज
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सोशल मीडिया पेज की शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश CJI सूर्यकांत के एक बयान के बाद हुई थी। अभिजीत दीपके ने उस बयान के विरोध में सोशल मीडिया पर CJP नाम से पेज बनाया था। देखते ही देखते एक्स और इंस्टाग्राम पर इस पेज को बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला और लाखों यूजर्स इसे फॉलो करने लगे। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता मिलने के बाद अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौटे और CJP के बैनर तले NEET पेपर लीक मामले के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए इन प्रदर्शनों के जरिए उन्होंने छात्रों की मांगों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
CJP शुरू करेगी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान
NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में स्थित उनके गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार और जवाबदेही तय करना है। दीपके के मुताबिक, अभियान के तहत स्कूलों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जाएगा और स्थानीय स्तर पर सुविधाएं बेहतर करने के लिए लोगों और जनप्रतिनिधियों को साथ लाने की कोशिश की जाएगी।
सरपंच से स्कूल की मरम्मत कराने का अनुरोध
दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि वह अपने गांव से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने बताया कि वह गांव के सरपंच से स्थानीय सरकारी स्कूलों की मरम्मत कराने और यह सुनिश्चित करने का अनुरोध करेंगे कि बच्चों के लिए बेंच और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। दीपके ने कहा कि CJP ने ऐसे कई दल तैयार किए हैं, जो अलग-अलग गांवों में जाकर स्थानीय लोगों और सरपंचों से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने का आग्रह करेंगे। उनका कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों की भागीदारी के जरिए गांवों के स्कूलों की स्थिति में सुधार करना है।
जंतर-मंतर आंदोलन के बाद शिक्षा पर फोकस
CJP के आह्वान पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने धरना दिया था। अब संगठन शिक्षा व्यवस्था से जुड़े दूसरे मुद्दों को भी उठाने की तैयारी में है। ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के जरिए ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं की स्थिति को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


