भारत में हालिया छात्र आंदोलनों की चर्चा के बीच अब पाकिस्तान में ‘कॉकरोच पार्टी’ (Cockroach Party Pakistan) नाम का एक नया युवा समूह तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर लॉन्च होने के कुछ ही समय में इसके इंस्टाग्राम पेज पर 1.12 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं। यह समूह खुद को भ्रष्टाचार, राजनीतिक वंशवाद और सत्ता के प्रभावशाली वर्ग के खिलाफ युवाओं की आवाज बताता है। संगठन का दावा है कि “पाकिस्तान जनता का है, किसी भ्रष्ट माफिया का नहीं” और वह पारदर्शी शासन, लोकतांत्रिक सुधार तथा मेरिट आधारित व्यवस्था की मांग कर रहा है।

मोहसिन नकवी का बड़ा बयान, सरकार को किया आगाह

पाकिस्तान के गृहमंत्री Mohsin Naqvi ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान इस उभरते आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि ये युवा एकजुट हो गए तो देश की मौजूदा व्यवस्था को पूरी तरह बदल सकते हैं।

उन्होंने कहा, “उन्हें युवा कहें, कॉकरोच कहें या कुछ भी कहें, अगर वे एक साथ आ जाएं तो सबकुछ पलट सकते हैं। वे न्याय, मेरिट, रोजगार के अवसर और सरकारी नौकरियों तक समान पहुंच चाहते हैं। हम अपने युवाओं की इन अपेक्षाओं को पूरा नहीं कर पाए हैं।”

आर्थिक संकट और बेरोजगारी से जूझ रहा पाकिस्तान

गृहमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान इस समय गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। देश पर बढ़ता कर्ज, महंगाई, बेरोजगारी, हिंसा और कमजोर प्रशासनिक व्यवस्था युवाओं में असंतोष बढ़ा रही है। नकवी के अनुसार, युवाओं की मांगें जटिल नहीं हैं—वे केवल मेरिट आधारित नौकरियां, बेहतर रोजगार और निष्पक्ष शासन चाहते हैं।

70 साल पुरानी व्यवस्था पर उठाए सवाल

इकोनॉमिस्ट समिट में बोलते हुए मोहसिन नकवी ने माना कि पाकिस्तान की दशकों पुरानी शासन व्यवस्था अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। उन्होंने प्रशासनिक सुधारों और सिस्टम में व्यापक बदलाव की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि केवल लंबे समय तक काम करने से नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को रीसेट करने से ही स्थायी सुधार संभव होंगे।

क्या बढ़ेगा राजनीतिक दबाव?

कॉकरोच पार्टी के बढ़ते सोशल मीडिया समर्थन और सरकार की सार्वजनिक प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह युवा आंदोलन केवल ऑनलाइन अभियान तक सीमित रहता है या देश की राजनीतिक दिशा को प्रभावित करने वाली एक बड़ी ताकत बनकर उभरता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m