कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर जिले से अपराध की एक बड़ी खबर सामने आई है। कुंडम थाना क्षेत्र के कुंडेश्वर में पुरानी रंजिश के चलते एक कॉलेज छात्र की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल मुख्य आरोपी समेत सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब दुकान के पास खड़ा था छात्र, अचानक हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान आकाश कुंजाम के रूप में हुई है, जो कॉलेज में पढ़ाई करता था। गुरुवार को आकाश कुंडेश्वर स्थित एक शराब दुकान के पास खड़ा था, तभी उसका पुराना विरोधी प्रीतम मार्को अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते प्रीतम और उसके साथियों ने धारदार चाकू से आकाश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण आकाश कुंजाम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
रिटायर्ड IAS हत्याकांड के बाद पुलिस का बड़ा एक्शनः अब बिना पुलिस वेरिफिकेशन के काम नहीं
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक आकाश कुंजाम और आरोपी प्रीतम मार्को के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश का बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही कुंडम थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर हत्या की इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी प्रीतम मार्को और उसके तीनों साथियों को हिरासत में ले लिया है। कुंडम थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या (Section 103 BNS) का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

